गोरखपुर। संपूर्ण लॉक डाउन को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने लोगों के घर तक जरूरी सामान पहुंचाने के लिए डोर स्टेप डिलीवरी (घर तक सामान पहुंचाना) की व्यवस्था शुरू की। लेकिन, पहले दिन यह व्यवस्था असफल साबित हुई। कुछ गलियों को छोड़ दें तो अधिकतर जगह न तो सब्जी पहुंच सकी, न ही लोगों को दूध मिल सका। प्रशासन की ओर से प्रसारित किए गए नंबरों में से अधिकतर या तो स्विच ऑफ मिले या पहुंच से बाहर रहे। हेल्पलाइन नंबर पर भी संपर्क करने पर कोई राहत नहीं मिल सकी।
सुबह की छूट खत्म कर लागू की थी नई व्यवस्था
जिला प्रशासन ने बुधवार को बैठक कर 26 मार्च से सुबह 5:30 से 9:30 बजे तक जरूरी सामानों की खरीदारी के लिए मिलने वाली छूट को भी समाप्त करने का निर्णय लिया था। इसे लागू कराने के लिए सुबह ही जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पांडियन एवं एसएसपी डॉक्टर सुनील गुप्ता ने शहर में भ्रमण किया। जगह-जगह खुली दुकानों को बंद कराया गया। जो लोग सड़क पर निकल चुके थे, उन्हें घरों में वापस जाने को कहा गया। सबको यह विश्वास दिलाया गया कि उनके घर पर ही सामान उपलब्ध करा दिए जाएंगे। रात से ही व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से किराना, दूध एवं दवा की दुकानों एवं उनके संचालकों के नंबर प्रसारित कर दिए गए थे। सुबह से लोगों ने उन नंबरों पर संपर्क करना शुरू कर दिया, लेकिन किसी को राहत नहीं मिली। गोरखनाथ क्षेत्र के हरिनारायण के अनुसार उन्होंने दवा के लिए फोन किया था, पर फोन नहीं लगा। मेडिकल कॉलेज पर दवा की दुकान चलाने वाले धीरेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि उनके पास सुबह से कई फोन आए।
किराना के सामान भी नहीं मिले
लेकिन, जिन दवाओं की मांग की जा रही थी, वे उनके यहां उपलब्ध नहीं है। सबसे ज्यादा परेशानी लोगों को दूध न पहुंचने के कारण हुई। नवरात्र होने के कारण दूध की मांग बढ़ गई है। रोजाना आपूर्ति करने वाले दूधिया भी आपूर्ति करने जाने से बच रहे हैं। रास्ते में उनसे पास मांगा जा रहा है। पास न होने के कारण वे आपूर्ति करने में असमर्थता जता रहे हैं। पैकेट दूध भी लोगों को नहीं मिल पाया। कुछ जगहों पर मोहल्ले की दुकान से ही लोग दूध खरीदते देखे गए। किराना सामानों की आपूर्ति के लिए भी लोगों ने फोन किया लेकिन उन्हें आपूर्ति नहीं हो सकी।
आरएसएस स्वयं सेवकों ने पुलिस कर्मियों को सौंपा मास्क व ग्लब्स
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गोरखपुर दक्षिणी भाग के स्वयंसेवकों ने बुधवार को पुलिस कर्मियों को मास्क व ग्लब्स सौंपकर उनके कुशल क्षेम की कामना की। उन्होंने कहा कि कोरोना के विरुद्ध लड़ाई में पूरा देश एकजुट हो चुका है। लॉकडाउन के बाद सभी घरों में हैं, पर पुलिस कर्मी इस परिस्थिति में भी सड़क पर हैं। प्रांत प्रचार टोली सदस्य पुनीत पांडेय, सह नगर कार्यवाह प्रमोद गौड़, राहुल व सौरभ की ओर से शहर की व्यवस्था में लगे होमगार्डों व पुलिस कर्मियों के लिए एसपी ट्रैफिक आदित्य प्रकाश वर्मा को मास्क उपलब्ध करवाया गया। इससे पूर्व मंगलवार को तिवारीपुर थाना क्षेत्र में विभिन्न जगहों पर ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मियों को मास्क व ग्लब्स उपलब्ध करवाया गया। तिवारीपुर थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह से मिलकर स्वयंसेवकों ने उन्हें भी मास्क व ग्लब्स प्रदान किया था।